Wednesday, September 14, 2011

भ्रष्ट नेता का सपना

भ्रष्ट नेता का सपना

जितेन्द्र कुमार जौली
ऊपरवाले मुझ पर इतना, कर देना उपकार।
अबकी बार चुनावों में मैं, बना सकूँ सरकार॥

मैं ना चाहूँ सोना चाँदी, मै ना चाहूँ नोट।
मुझको तो बस दिला दीजिए, जनता के सब वोट॥

वर्षों से जो सपना देखा, हो जाये साकार।
अबकी बार चुनावों में मैं, बना सकूँ सरकार॥

हार चुनावों में अक्सर मैं, गया कर्ज में डूब।
दौलत की खातिर कर लूँगा, घोटाले मैं खूब॥

फिर खुद हो जायेगी मुझ पर, नोटों की बौछार।
अबकी बार चुनावों में मैं, बना सकूँ सरकार॥

जनता की दौलत पर मेरी, गढ़ी हुई है आँख।
नौकरियाँ लगवाने को भी, लूँगा मैं दो लाख॥

रोजगार सब पायेंगे अब, मेरे रिश्तेदार।
अबकी बार चुनावों में मैं, बना सकूँ सरकार॥

-जितेन्द्र कुमार जौली
अम्बेडकर नगर, मुरादाबाद।
Jitendra Kumar Jolly

Monday, September 5, 2011

जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान।

जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान

मेरा भारत देश महान,
जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान।
हम सब हैं इसकी संतान,
जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान।
जितेन्द्र कुमार जौली

हिन्दी में देखो कितने,
अखवार निकाले जाते हैं।
हिन्दी फिल्मों वाले भी,
हिन्दी की रोटी खाते हैं॥

हिन्दी को मानो भगवान।
जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान॥

हिन्दी का सब लोगों से,
इतना गहरा ये नाता है।
हम हिन्दी के बच्चे हैं,
हिन्दी ही अपनी माता है॥

हिन्दी को दीजै सम्मान।
जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान॥

आज दिलों में लोगो के,
हिन्दी का दीप जलाना है।
हिन्दी माँ के चरणो मे,
सबको ही सीस झुकाना है॥

सदा गाइये ये ही गान,
जय हिन्दी, जय हिन्दुस्तान॥
-जितेन्द्र कुमार जौली 
अम्बेडकर नगर, मुरादाबाद।
Jitendra Kumar Jolly

हिन्दी साहित्य संगम की कवि गोष्ठी

4 सितम्बर, 2011 को हिन्दी साहित्य संगम की ओर से गायत्री प्रज्ञा पीठ लाईनपार मुरादाबाद मेँ मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके की गयी।
इस अवसर पर कवियोँ ने भ्रष्टाचार एवं देश के वर्तमान परिपेक्ष्य से सम्बन्धित कविताओँ द्वारा अपने हृदय के उद्गार व्यक्त किये।
कार्यक्रम अध्यक्ष-डॉ0 प्रेमावती उपाध्याय
मुख्य अतिथि-डॉ0ओमाचार्य
विशिष्ट अतिथि-के0पी0 सिहँ सरल
सरस्वती वन्दना-सतीश सार्थक
संचालन-विकास मुरादाबादी,
गोष्ठी मेँ जितेँद्र कुमार जौली, योगेंद्र पाल सिहँ विश्नोई,
अम्बरीश गर्ग, अशोक विश्नोई, सिहँ , योगेँद्र वर्मा व्योम, रामदत्त द्विवेदी, उदय प्रकाश सक्सैना 'अस्त',
के0के0 सक्सैना,
श्री पुष्पेन्द्र वर्णवाल,
रामेश्वर प्रसाद 'वशिष्ठ', डॉ0 एम0 पी0 बादल जायसी, अतुल जौहरी,
अवनीश सिहँ चौहान आदि ने काव्यपाठ किया।